शिक्षा के आधारभूत व शक्तिशाली स्तम्भ डा० वीरेन्द्र स्वरूप एजूकेशन फाउण्डेशन के संस्थापक डा० वीरेन्द्र स्वरूप जी का जन्मदिवस समारोह 25 जुलाई 2022 को डा० वीरेन्द्र स्वरूप एजूकेशन सेन्टर, अवधपुरी के परिसर में बड़े ही उत्साह व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस जन्मोत्सव के अवसर पर इनके सुपुत्र स्वर्गीय डा० नागेन्द्र स्वरूप जी को स्मरण करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात् विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उर्वशी बाजपेई ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। सर्वप्रथम कक्षा ग्यारह की सिमरन व गौरांगी चतुर्वेदी ने शिव ताण्डव स्त्रोत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। इसके बाद विद्यालय ऑरकेस्ट्रा के अन्तर्गत कक्षा आठ के जयवर्धन राव ऑक्टोपैड पर, अंशुमन सिंह बाँसुरी पर, कक्षा नौ के स्वरित राजपूत, वैभव देव व मनस्वी मिश्रा ने की-बोर्ड के माध्यम से संतूर की आवाज निकालकर पंडित शिव कुमार शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात लता जी द्वारा गाये गये ‘ऐ मेरे वतन के लोगों, मेरी आवाज ही पहचान है, लुक्का छुप्पी, तुझसे नाराज नहीं जिंदगी, इन गानों को जब कक्षा बारह के सिद्धार्थ सक्सेना कक्षा दस के प्रियल सिंह व आयूषी सिंह ने गाया तो श्रोतागण भाव-विभोर हो गये। सुप्रसिद्ध पर्यावरणविद् श्री सुन्दरलाल बहुगुणा का ‘चिपको आन्दोलन को जब कक्षा आठ व ग्यारह के छात्र सृष्टि, अविका, मुस्कान, आराध्या व शिवांगी के समूह द्वारा प्रस्तुत किया गया तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद कक्षा बारह के आशुतोष त्रिवेदी, हर्षिका, ऋत्विज, आदित्य व नन्दिता ने मिल्खा सिंह का सजीव चित्र बनाकर सबको विस्मित कर दिया। इसके उपरांत कक्षा पाँच से बारह तक वरीयता सूची में स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को चैक प्रदान किये गए। तत्पश्चात कक्षा बारह के सिद्धार्थ सक्सेना ने ‘ओ देश मेरे गाना गाकर भारत के पहले रक्षा प्रमुख अर्थात चीफ ऑफ डिफेंस स्वर्गीय श्री बिपिन रावत जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की संगीत जगत के चमकते सितारे व प्रसिद्ध शास्त्रीय नर्तक एवं गायक पंडित बिरजू महाराज जी के अदभूत नृत्य को कक्षा पाँच से बारह तक के छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया। इस नृत्य के माध्यम से छात्रों ने अनुपम छटा बिखेरते हुए सभागार के लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उर्वशी बाजपेई जी ने छात्रों का उत्साहवर्द्धन करते हुए प्रेरणादायक शब्द कहे और सभागार में उपस्थित सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया और राष्ट्रगान के साथ ही कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
डॉ वीरेंद्र स्वरुप एजुकेशन सेंटर मे स्थापना दिवस समारोह


















