बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर कस्बा निवासी दो भाइयों का जमीन में कब्जे को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख भाई बब्लू ने डायल 112 पर फोनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी युवक को पकड़कर अपने साथ थाने ले गई, जहां देर रात युवक की हालत बिगड़ी तो पुलिस ने बिधनू सीएचसी में भर्ती कराया जहां पर युवक की मौत हो गई। सुबह जानकारी मिलते थाने पहुंचे परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।
जमीनी विवाद में थाने लाई थी पुलिस
बिधनू थाना क्षेत्र के रमईपुर कस्बा निवासी राजेंद्र का अपने भाई बब्लू से जमीन के कब्जे को लेकर बीते कई दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार देर शाम बब्लू जमीन पर कुछ काम करवाने लगे, जिसका विरोध राजेंद्र ने किया तो दोनो के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख बब्लू ने कंट्रोल रूम में फोनकर लड़ाई झगड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलते मौके पर पहुंची पीआरवी 0425 राजेंद्र को पीटते हुए अपने साथ बिधनू थाने ले आई,
परिजनों का आरोप थाने में पुलिस ने पीटा
मामले में मृतक राजेंद्र की बेटी अनीता और बेटे रजत का आरोप है कि पुलिस ने थाने ले जाकर राजेंद्र को जमकर पीटा है, जिससे उनकी देर रात हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है, कि पुलिस उनके पिता का शव कहा है ये भी नहीं बता रही है। भारी संख्या में बिधनू थाने पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि पिटाई करने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस के मुताबिक
मामले में घाटमपुर सीओ तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनो भाईयो के बिच जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ था। जिस पर पीआरवी युवक को थाने लेकर आई थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी को उसे सीएचसी में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


















