कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई है। बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र अंकित कन्नौजिया से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। यह घटना सोमवार सुबह शिवकटरा स्थित चंद्रनगर के हनुमान मंदिर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, शिव पार्क ओमपुरवा निवासी अंकित कन्नौजिया सुबह 6:27 बजे शिवकटरा स्थित जिम जा रहे थे। जैसे ही वह चंद्रनगर के हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी स्कूटी सवार दो बदमाश अचानक उनके पास आए और मोबाइल छीनकर भाग निकले। अंकित ने उनका पीछा भी किया, लेकिन बदमाशों की तेज रफ्तार के कारण वह सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने छात्र को थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। आरोप है कि जब अंकित शिकायत लेकर चकेरी थाने पहुंचा, तो वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसे ऑनलाइन शिकायत करने की बात कहीं। इसके बाद छात्र ने मोबाइल गुमशुदगी की ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट


















