Advertisement

गले के दर्द से जूझ रहे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के गंगागंज में सोमवार दोपहर 3:30 बजे 85 वर्षीय कामता प्रसाद का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला। कामता प्रसाद राजमिस्त्री थे और लंबे समय से कैंसर तथा गले के दर्द से पीड़ित थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के बेटे सुशील कुमार के अनुसार, कामता प्रसाद की गर्दन में लगभग एक साल पहले गांठ हो गई थी। जांच में कैंसर की पुष्टि हुई। परिवार ने ऑपरेशन कराने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने संक्रमण फैलने की आशंका के कारण इसे उचित नहीं माना। इसके बाद से वह लगातार दवाएं ले रहे थे और उन्हें गले में तेज दर्द रहता था। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे कामता प्रसाद की पोती तनवी उन्हें खाना देने पहली मंजिल के कमरे में पहुंची। दरवाजा खोलने पर उसने अपने दादा का शव पंखे से लटका देखा। तनवी की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर जमा हो गए।

तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। चकेरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। लगभग 4:30 बजे फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि कामता प्रसाद की पत्नी दयावती का निधन लगभग 10 वर्ष पहले बीमारी के कारण हो गया था। उनके तीन विवाहित बेटे सुशील कुमार, सुनील कुमार और संतोष कुमार है।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मोहफ़द नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh