Advertisement

टाटमील चौराहे पर बवाल, ऑटो चालक ने TSI और होमगार्ड पर लगाए गंभीर आरोप

कानपुर के टाटमील चौराहे पर यातायात ड्यूटी में तैनात एक टीएसआई और होमगार्ड पर ऑटो चालक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चालक का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसे डंडा मारा, अपशब्द कहे और उसके 3000 रुपये छीन लिए। मंगलवार शाम ऑटो चालक ने यातायात एसीपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित ने रात 10 बजे घटना की जानकारी दी।

गोविंद नगर की कच्ची बस्ती निवासी ऑटो चालक रोहित कुमार ने बताया कि सोमवार रात वह टाटमील से सवारी लेकर गोविंदनगर जा रहा था। रोहित के अनुसार, टाटमील चौराहे पर यातायात पुलिसकर्मियों ने उसके ऑटो में डंडा मारकर उसे आगे बढ़ने को कहा और अपशब्दों का प्रयोग किया। इसका विरोध किया, तो टीएसआई और होमगार्ड से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके मोबाइल कवर में रखे 3000 रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसके ऑटो का 7000 रुपये का चालान भी कर दिया गया। पीड़ित ने मंगलवार शाम यातायात एसीपी कार्यालय पहुंचकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं, टीएसआई अनुपम सिंह ने ऑटो चालक के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि सोमवार रात करीब 9 बजे टाटमील चौराहे पर जाम लगा हुआ था। यातायात पुलिसकर्मी सड़क पर खड़े ऑटो और ई-रिक्शा को हटवा रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो चालक होमगार्ड से कहासुनी करने लगा और बार-बार कहने पर भी उसने अपना ऑटो नहीं हटाया। यातायात बाधित होने के कारण ऑटो का चालान किया गया था। टीएसआई अनुपम सिंह ने यह भी बताया कि रात करीब 11 बजे वही ऑटो चालक एक महिला समेत कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा चौराहे पर आया और पुलिसकर्मियों से कहासुनी करने लगा। उन्होंने मामले की सूचना रेलबाजार पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक अपने साथियों के साथ वहां से चला गया। टीएसआई ने मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। वहीं अधिकारियों ने मामले में जांच बैठा दी है। जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।]

मोहम्मद नईम की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh