Advertisement

‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ के उद्घोष से राष्ट्र विरोधी ताकतें भयभीत होती हैं : राम किशोर साहू

कानपुर, 6 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर उत्तर एवं दक्षिण जिलों की संयुक्त मासिक बैठक आज भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। बैठक में संगठन द्वारा संचालित अभियानों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहा कि “जब इस देश में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ का उद्घोष होता है, तब राष्ट्र विरोधी ताकतें भयभीत हो जाती हैं। तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है तथा इसके सम्मान और राष्ट्रभावना को जन-जन तक पहुँचाना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद की विचारधारा को लेकर निरंतर समाज के बीच कार्य कर रही है। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ सफल बनाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित बूथ स्तरीय प्रशिक्षण अभियान (DLP), संत शिरोमणि श्री रविदास जी की रज कलश वंदन यात्रा तथा तिरंगा यात्रा अभियान संगठन के अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं, जिनके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचा जा सकता है।
श्री साहू ने कहा कि आगामी 10, 11 एवं 12 अगस्त को कानपुर महानगर के सभी 27 मंडलों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक यात्रा में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गीतों का प्रसारण किया जाएगा तथा अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि तिरंगा यात्रा को केवल संगठन का कार्यक्रम न मानकर राष्ट्र के सम्मान का जन-अभियान बनाएं।
उन्होंने कहा कि बूथ ही भाजपा की सबसे बड़ी संगठनात्मक शक्ति है। बूथ स्तर पर प्रशिक्षित एवं सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। इसी प्रकार संत शिरोमणि श्री रविदास जी की रज कलश वंदन यात्रा सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला अभियान है, जबकि तिरंगा यात्रा प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान तथा मंडलवार कार्ययोजना की समीक्षा भी की गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने सभी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं अभियान संयोजकों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की, जबकि बैठक की प्रस्तावना भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने रखी। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जसविंदर सिंह ने किया।
बैठक में विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक रघुनंदन भदौरिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, राजेश भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शुक्ला, गणेश शुक्ला, अर्जुन बेरिया, अभिनव दीक्षित, अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा सहित दोनों जिलों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, अभियान संयोजक एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh