Advertisement

मानसिक रोग विभाग द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के निर्देशन एवं प्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान (25 जुलाई 2026 से 08 अगस्त 2026) एवं नशा मुक्ति पखवाड़े के अंतर्गत मानसिक रोग विभाग द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला के मार्गदर्शन में संपन्न हुए।
सभी को संबोधित करते हुए डॉ. संजय काला ने कहा कि युवा हमारे देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते है। उन्होंने सभी युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
दिनांक 05 अगस्त 2026 को विभाग द्वारा जागरूकता पोस्टरों का निर्माण एवं प्रदर्शन किया गया, जिसमें जी.एस.वी.एम. मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत सुंदर एवं जागरूकतापरक पोस्टर तैयार किए। इन पोस्टरों के माध्यम से तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की सरल भाषा में जानकारी दी गई। साथ ही नशे की लत के चेतावनी संकेत, बचाव के उपाय, उपचार की उपलब्ध सुविधाएँ तथा समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकीय सहायता लेने का संदेश भी आमजन तक पहुँचाया गया। पोस्टरों का उ‌द्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों में नशे के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। पोस्टर प्रतियोगिता में एम.बी.बी.एस. इंटर्न्स आस्था गुप्ता (प्रथम स्थान), अमिषा सिंह (द्वितीय स्थान) एवं आयुष्मा सिंह (तृतीय स्थान) ने पुरस्कार प्राप्त किए। इन विजेता प्रतिभागियों को 15 अगस्त 2026 को पुरस्कृत किया जाएगा।
दिनांक 06 अगस्त 2026 को नशा मुक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग मेडिकल कॉलेज, कानपुर के छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। यह नुक्कड़ नाटक मरीजों एवं उनके परिजनों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिससे जागरुकता उत्पन्न करने में सहायता मिली। नाटक के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा एक बीमारी है, जिसका समय पर उपचार संभव है तथा परिवार और समाज के सहयोग से इससे मुक्ति पाई जा सकती है। नुक्कड़ नाटक के पश्चात नर्सिंग मेडिकल कॉलेज, कानपुर के पोस्ट बी.एससी. नर्सिंग ‌द्वितीय वर्ष के छात्र अनुज कुमार मिश्रा ने नशा मुक्ति विषय पर एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय चौधरी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने नशा रोकथाम हेतु जन-जागरुकता, शीघ्र पहचान, उपचार एवं पुनर्वास को आवश्यक बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में संचालित नशा मुक्ति अभियान एवं पखवाड़ा का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराना है।
इस अवसर पर सहायक आचार्य डॉ. आयुषी डी. सिंह, डॉ. कृतिका चावला तथा सीनियर रेजिडेंट डॉ. राधा, डॉ. शुभ्रा, डॉ. क्षितिज, डॉ. विदुषी एवं डॉ. मनीषा तथा जूनियर रेजिडेंट डॉ. अभिषेक उपस्थित रहे। कॉलेज ऑफ नर्सिंग से डॉ. रेनू त्रिपाठी, ट्यूटर श्री शिवम वर्मा एवं श्री छैल देव भी उपस्थित रहे।
मानसिक रोग विभाग में प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को नशा मुक्ति (डी-एडिक्शन) विशेष क्लिनिक का संचालन किया जा रहा है। विभाग में नशा मुक्ति उपचार हेतु पाँच समर्पित डी-एडिक्शन कक्ष भी उपलब्ध हैं, जहाँ रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं। इसके अतिरिक्त, विभाग में शीघ्र ही ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) की सुविधा भी प्रारंभ की जाएगी, जिसका नोडल अधिकारी प्रधानाचार्य के द्वारा डॉ. धनंजय चौधरी को नामित किया गया है। जिससे नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को प्रभावी उपचार एवं पुनर्वास में सहायता मिलेगी।
विभाग ने आमजन से नशे से दूर रहने, प्रभावित व्यक्तियों को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh