कानपुर। जनाब इमरान प्रतापगढ़ी के जन्मदिवस के अवसर पर थैलेसीमिया एवं कैंसर पीड़ित मरीजों की सहायता हेतु आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर, कानपुर के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन जवाहर पैलेस, शास्त्री नगर, कानपुर में किया गया। शिविर का आयोजन पार्षद अमनदीप सिंह गंभीर ‘लवी’ द्वारा किया गया।
रक्तदान शिविर में युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा करीब 30 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। एकत्रित रक्त का उपयोग थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों, कैंसर रोगियों एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा।
शिविर के दौरान आईएमए की ओर से डॉ. दीपक श्रीवास्तव एवं डॉ. एम. सी. वर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान अनेक लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
आयोजक अमनदीप सिंह गंभीर ने सभी रक्तदाताओं, आईएमए की टीम एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री का भी विशेष योगदान रहा।
शिविर का संचालन आईएमए चैरिटेबल ब्लड सेंटर की तकनीकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया तथा सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र एवं अल्पाहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















