कानपुर में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट कर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के लोगों ने ED और CBI अधिकारी बनकर एक वरिष्ठ डॉक्टर को जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाया और उनसे करीब 48 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी फर्म और बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम देश के अलग-अलग राज्यों में भेजते थे। अब तक अलग-अलग राज्यों की 4 साइबर शिकायतों में करीब 1.42 करोड़ रुपये की ठगी का पता चला है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल से ठगी से जुड़े कई अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस बाकी बैंक खातों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।


















