Advertisement

जरूरतमंदों की मदद करने वाले नया सवेरा ट्रस्ट के प्रबंधक यशपाल सिंह यादव की पहल रंग लाई और ग्रामीण विकास ट्रस्ट द्वारा आज से झांसी जिले में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। बबीना विकासखंड के अंतर्गत आने वाले बड़ागांव में आज कुल 50 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। इसके लिए ग्रामीण विकास ट्रस्ट के तत्वाधान में जागरूकता से समृद्धि विषय पर संयुक्त देयता समूह सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं को स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें तमाम रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी गई। गठित किए गए स्वयं सहायता समूहों में शामिल की गई महिलाओं के बैंक खाते भी खुलवाए गए। इस दौरान नया सवेरा ट्रस्ट के प्रबंधक यशपाल सिंह यादव ने बताया कि आदिवासी समुदाय की महिलाओं के उत्थान के लिए काम करने वाले ग्रामीण विकास ट्रस्ट से उन्होंने लगभग एक वर्ष पहले अनुरोध किया था कि वे उनके क्षेत्र में आकर भी यहां की महिलाओं को स्वावलंबी तथा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करें। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में बबीना विकासखंड में यह काम शुरू कर दिया गया है। नया सवेरा ट्रस्ट भी व्यक्तिगत रूप से लगभग 25 महिलाओं के स्वयं सहायता समूह को सहायता दे रहा है। ग्रामीण विकास ट्रस्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफीसर शिव शंकर सिंह ने बताया कि सीएसआर के अंतर्गत यहां पर तमाम योजनाओं को लागू करने के लिए फंड लाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने में मदद की जा सके।

रिपोर्टर:अरबाज़ दानिश

 

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh