सपा विधायक इरफान सोलंकी के गैंग पर पुलिस की कार्रवाई, संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू, जाजमऊ में 20 करोड़ के हिलाल कंपाउंड को किया गया सील
समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके गैंग के सदस्यों पर पुलिस की कार्यवाही तेज हो गई है। पिछले कई दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि कानपुर पुलिस द्वारा चिन्हित की गई करीब 200 करोड़ रुपए की संपत्ति को जल्द सील करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और आज करीब 5:30 बजे शाम में कानपुर पुलिस ने इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया। 26 दिसंबर 2022 को कानपुर पुलिस ने इरफान सोलंकी को गैंग का लीडर बताते हुए उनके भाई रिजवान सोलंकी मोहम्मद शरीफ इसराइल आटा वाला और शौकत पहलवान को गैंग का सदस्य बताया था। इसके साथ ही गैंग द्वारा पिछले कई वर्षों में अपने प्रभाव दबाव और बल के सहारे अर्जित की गई संपत्ति के मूल्यांकन और चिन्हित करने का काम शुरू किया गया।
कानपुर पुलिस ने अपनी टीम को लगाकर गैंग के सभी पांचों सदस्यों द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई करीब 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति को चिन्हित करने के बाद जब्तीकरण की प्रक्रिया को भी शुरू किया। आज जाजमऊ इलाके में स्थित हिलाल कंपाउंड में भारी पुलिस फोर्स और पीएसी पहुंचा। यहां शौकत अली की 3 संपत्तियों को राज्य सरकार में निहित करने का काम किया गया। प्रक्रिया शुरू करने से पहले बाकायदा डुगडुगी पिटवाई गई, मुनादी करवाई गई और सर्व साधारण को सूचित किया गया कि जाजमऊ स्थित हिलाल कंपाउंड अब राज्य सरकार में निहित किया जा रहा है। यानी अब यह संपत्ति राज्य सरकार की होती है। दरअसल हिलाल कंपाउंड शौकत अली द्वारा बनवाया गया है जिसकी पीडब्ल्यूडी द्वारा सर्वेक्षण के बाद लागत ₹20 करोड़ आंकी गई है। यहां 28 फ्लैट बनाए गए हैं जिनमें एक फ्लैट ओनर के पास रजिस्ट्री है। मतलब बाकी 27 फ्लैट राज्य सरकार में निहित हो गए हैं और अधिकृत रूप से रजिस्ट्री कराने वाले परिवार के अलावा यहां रहने के लिए कोई भी अधिकृत नहीं है पुलिस ने यहां सीलिंग की कार्यवाही की। हालांकि हिलाल कंपाउंड में 23 परिवार ही रह रहे थे जो पहले ही यहां से पुलिस के नोटिस मिलने के बाद कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं अब पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होने जा रही है। पुलिस ने निर्माणाधीन बिल्डिंग के सभी सामान को बाहर निकाल दिया है और बड़े गेट पर बाकायदा सील लगा दी है हालांकि छोटा गेट यहां रह रहे इकलौते परिवार को आने जाने के लिए खुला रहेगा। माना जा रहा है कि कल ग्वालटोली के मछली वाला हाता स्थित शौकत अली की अन्य बिल्डिंगों पर भी पुलिस कार्यवाही करेगी।


















