कानपुर। कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन में अंतर्राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी एवं आयकर अधिकारी श्रीमती गीता टण्डन को इतिहास में पहली बार महिला विकास समिति का सदस्य चुना गया है। कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन की वार्षिक आमसभा में यह निर्णय लिया गया कि टेबल टेनिस को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से कमेटियों का गठन व विस्तार किया जायेगा ताकि टेबल टेनिस के खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को और अधिक निखारा जा सके।
कॉमनवेल्थ एसोसिएशन के इतिहास में यह पहला मौका है जिसमें भारतीय महिला श्रीमती गीता टण्डन कपूर को कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस में महिला विकास समिति का सदस्य चुना गया है। कॉमनवेल्थ फेडरेशन का सदस्य नामित होने के उपलक्ष्य में यू.पी. टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक एवं कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सेक्रेटरी संजय टण्डन तथा टेबल टेनिस के खिलाड़ियों द्वारा श्रीमती गीता टण्डन कपूर का स्वागत किया गया एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती गीता टण्डन कपूर ने बताया कि कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक कोहली एव उ० प्र० टेबल टेनिस के अध्यक्ष सजीव पाठक के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के कारण आज हमारा टेबल टेनिस एसोसिएशन निरंतर प्रगति कर रहा है और नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। खिलाड़ियों के प्रति सेक्रेटरी, चेयरमैन एवं अध्यक्ष का सहयोग एवं प्रयास निश्चित रूप से एसोसिएशन को शिखर तक ले जायेगा।
हाल ही में श्रीमती गीता टण्डन कपूर को डायनामिक वूमेन लीडर आफ द इयर से सम्मानित किया जा चुका है, क्योंकि वह हमेशा महिलाओं एवं युवाओं के उत्थान एवं उनके सर्वांगीण विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती रही है। खासकर महिलाओं को सशक्त बनाने में वह एक बहुत बड़ी भूमिका का निर्वाह कर रही हैं। इस अवसर पर डा.ए. एस. प्रसाद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
पहली बार कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन ने भारतीय महिला को बनाया सदस्य


















