दिनांक 06.10.2024 को मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में आज कानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्रान्तर्गत Z-Square मॉल में एक मिशन शक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्रीमती अर्चना सिंह के द्वारा किया गया, इस मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सुश्री सृष्टि सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता, और नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव, हिंसा, और असुरक्षा की भावना को खत्म करना और उन्हें उनके अधिकारों एवं कानूनों के प्रति जागरूक बनाना था। इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त ने महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और कानूनन प्रावधानों के बारे में जानकारी दी और उपस्थित लोगों को इसके प्रति जागरूक किया।
इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए 1090 महिला हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, और आपातकालीन सहायता हेतु 112 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही, साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न जैसी घटनाओं से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तृत चर्चा की गई एवं कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों को लेकर सजग करने के लिए विभिन्न प्रस्तुतियों, नुक्कड़ नाटक और संवाद सत्रों का आयोजन भी किया गया। इस दौरान, उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में जागरूक रहें और अपने आसपास किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं और बालिकाओं को अपने जीवन में किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना करने के लिए साहस और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश देते हुए किया गया।



















