Advertisement

गंगा किनारे संदिग्ध हालात में मिला युवक का रक्तरंजित शव, हत्या की आशंका

कानपुर, जाजमऊ गंगापुल के पास गंगा नदी किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अरबाज खान पुत्र मोहम्मद रियाज निवासी जाजमऊ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अरबाज तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर घर आया था। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पूर्व गंगा पुल से छलांग लगाने के एक वायरल वीडियो में उसकी पहचान हुई थी, जिसके बाद उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पिता मोहम्मद रियाज के मुताबिक, अरबाज सोमवार रात 12 बजे तक घर पर ही था, फिर किसी का फोन आने पर वह बाहर चला गया। रातभर उसके न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन सुबह क्षेत्रीय लोगों से सूचना मिली कि गंगा किनारे एक युवक का शव पड़ा है, जिसकी पहचान अरबाज के रूप में हुई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। शव पर नुकीले चीज से हमले और तार से गला कसने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Navratri special offer at Deepak EV
nsingh