कानपुर। स्थानीय स्तर पर उ0प्र0 नगरीय निकाय चालक कर्मचारी का तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मण्डल नगर आयुक्त से मिला और चार बिंदुओं पर अनुरोध कर ज्ञापन सौंपा।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जन्म-मृत्यु रिकार्ड रूम कार्यालय से हटाये गये राजकुमार आउटसोर्सिंग कम्प्यूटर आॅपरेटर व सुरेन्द्र कुमार मानवबल को पुनः सेवा में लिये जाने हेतु अनुरोध किया गया जिस पर नगर आयुक्त द्वारा यह कहते हुए संगठन को आश्वस्त किया गया कि महापौर से वार्ता के उपरान्त ही दोनों कर्मचारियों को पुनः सेवा में लिये जाने हेतु निर्णय लिया जायेगा।
समस्त अकेन्द्रीयत सेवा के कर्मचारियों (मृतक, सेवानिवृत्त एवं कार्यरत) का ए0सी0पी0 (वित्तीय स्तरोन्नयन) के लगभग 600 पत्रावली कार्मिक मे लम्बित है जिसे निस्तारण कराये जाने हेतु संगठन ने नगर आयुक्त से आग्रह किया और साथ में यह भी अवगत कराया कि ए0सी0पी0 समय से न लगने के कारण विभाग पर अतिरिक्त व्यय भार बढ़ रहा है और कई कर्मचारी पारिवारिक परेशानियों के कारण मा0 न्यायालय का भी सहारा लेते है।
स्थानीय स्तर पर कानपुर नगर निगम में कार्यरत विभिन्न संवर्गों के पदो पर पदोन्नति किये जाने हेतु संगठन द्वारा अनुरोध किया गया और यह भी अवगत कराया गया कि केवल एक संवर्ग पर कई वर्षो से पदोन्नति की प्रक्रिया कार्मिक विभाग द्वारा अपनाई जा रही है के विषय एवं शासनादेश के अनुसार नगर आयुक्त महो0 ने निर्धारित अवधि में पदोन्नति कराये जाने हेतु आश्वस्त किया।
अकेन्द्रीयत सेवा में तैनात समस्त संवर्ग के कर्मचारियों के स्थाईकरण की पत्रावलियां कार्मिक विभाग में लम्बित है, जिसे समय से कराये जाने हेतु संगठन ने अनुरोध किया। जिस पर नगर आयुक्त ने सहमति जताते हुए जल्द ही स्थाईकरण लिस्ट जारी कराने हेतु संगठन को आश्वस्त किया।
संगठन द्वारा कर्मचारियों से सम्बन्धित चार विषयों पर नगर आयुक्त से बैठक कर सहानुभूतिपूर्वक वार्ता के माध्यम से चारों बिन्दुओं को रखा गया, जिस पर नगर आयुक्त ने चारों बिन्दुओं को संज्ञान लिया और उसे ससमय निस्तारित कराये जाने हेतु संगठन को आश्वस्त किया। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधी मण्डल में विनोद कुमार संस्थापक एवं अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सिंह एवं लिपिक संवर्ग संयोजक राजेन्द्र वाल्मीकि ने नगर आयुक्त को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कानपुर से देवेश तिवारी की खास रिपोर्ट……


















