मासिक स्वच्छता है जरूरी
गर्भाशय के कैंसर एवं सर्वाइकल एरोजन से बचना है तो मासिक धर्म एवं निजी स्वच्छता का रखें ख्याल
मासिक धर्म में स्वच्छता ना रखने से बढ़ सकता है बांझपन का खतरा
मासिक धर्म संबंधित क्विज में प्रतिभाग करके सही जवाब देकर छात्राओं ने जीता पुरस्कार
आरोग्यधाम एवं रोटरी क्लब ऑफ कानपुर विनायक श्री द्वारा मासिक स्वच्छता पर जागरूकता शिविर, सेमिनार, क्विज एवं सेनेटरी पैड का वितरण
छात्राओं ने चिकित्सकों से पाए मासिक धर्म से संबंधित सवालों के जवाब
मासिक धर्म से संबंधित भ्रांतियों को डॉक्टर आरती मोहन एवं डॉ स्वाति स्वरूप ने किया दूर
आरोग्यधाम एवं रोटरी क्लब ऑफ कानपुर विनायक श्री द्वारा आज सिविल लाइंस स्थित एमजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में मासिक स्वच्छता पर जागरूकता शिविर, सेमिनार, क्विज एवं सेनेटरी पैड का वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य वक्ता के रुप में आरोग्यधाम की वरिष्ठ होम्योपैथिक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरती मोहन एवं स्वरूप हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर स्वाति स्वरूप ने मासिक धर्म एवं निजी स्वच्छता पर व्याख्यान देकर छात्राओं की मासिक धर्म संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्य श्रीमती अलका कुशवाहा ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ प्रदान करके किया। कार्यक्रम में डॉक्टर आरती मोहन ने बताया लड़कियों को मासिक धर्म संबंधित कोई भी अनियमितता आने पर उसे छुपाना नहीं चाहिए बल्कि अपने माता पिता या फिर किसी योग्य चिकित्सक से बताना चाहिए। डॉ स्वाति स्वरूप ने बताया की ग्रामीण क्षेत्रों में जहां पर महिलाएं सेनेटरी पैड नहीं प्रयोग कर सकती वहां पर उन्हें साफ कपड़े का पैड बनाकर प्रयोग करना चाहिए । दूषित कपड़े का प्रयोग करने से योनि मार्ग का इन्फेक्शन होने की संभावना रहती है जिससे सर्वाइकल एरोजन जैसी बीमारी हो सकती है। विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर हेमंत मोहन में बताया की लंबे समय तक दूषित पैड का प्रयोग करने से जो इंफेक्शन बना रहता है उससे सेप्टीसीमिया या फिर गर्भाशय का कैंसर भी हो सकता है। कार्यक्रम में मासिक धर्म एवं निजी स्वच्छता से संबंधित क्विज का आयोजन किया गया जिसमें जीतने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य श्रीमती अलका कुशवाहा ने आए हुए अतिथियों का आभार प्रकट किया। रोटरी क्लब आफ कानपुर विनायक श्री एवं आरोग्य धाम ने डॉ स्वाति स्वरूप का मोमेंटो प्रदान करके सम्मान किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ कानपुर विनायक श्री की ओर से क्लब अध्यक्ष रोटेरियन मनोज पांडे, सचिव रोटेरियन डॉ आरती मोहन, भूतपूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सचिन दीक्षित, रोटेरियन ज्योति दीक्षित समेत विद्यालय की 20 से अधिक शिक्षिकाएं एवं 350 से अधिक छात्राएं उपस्थित रही। विलमर श्वाबे के पवन गुप्ता, अमित अस्थाना, हीरालाल खन्ना, आलोक कुमार ने विशेष सहयोग प्रदान किया।


















