Advertisement

प्रवर्तन दल ने साढ़े चौदह क्विंटल से अधिक पॉलीथीन पकड़ी

13 सितंबर की शाम प्रवर्तन अधिकारी कर्नल आलोक नारायण के आदेशानुसार नगर निगम प्रवर्तन दल के सदस्य सादी वर्दी में जगह जगह प्रतिबंधित पॉलीथीन ढोती मालवाहक गाड़ियों पर नजर रखे थे।

गोविंद नगर पुल के नीचे एक जेएसए लोडर नंबर यूपी 78सीटी 2086 जो फजलगंज से ट्रांसपोर्ट नगर जा रहा, शक होने पर रोका गया तो उसमें 43 बोरियों में काले कैरीबैग पाए गए। प्रत्येक बोरी का वजन 30 किलो और कुल वजन 1,290 किलो था।

लोडर को कब्जे में लेकर तत्काल नगर निगम परिसर लाया गया जहां रात के लिए उसे खड़ा कर दिया गया। 14 तारीख की सुबह पूरा माल जब्त कर नगर निगम वाहन से पनकी कूड़ा प्लांट निस्तारण हेतु भिजवा दिया गया।

माल के मालिक सर्वेश त्रिपाठी के अनुसार यह माल बस द्वारा गुजरात से आया था और प्रतापगढ़ भेजने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर भेजा जा रहा था।

राजस्व निरीक्षक दिग्विजय नाथ द्वारा 50,000 रुपए जुर्माना लगाया गया जिसको देर शाम तक जमा नहीं किया गया है।

बुधवार को ही प्रवर्तन दल ने दादानगर क्रॉसिंग पर एक ई रिक्शा नंबर यूपी 78एचएन 3795 पकड़ा जो सात बोरी प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के पैकेट(30 और 50 माइक्रोन के) जिसका कुल वजन 175 किलो है, बर्रा से पनकी स्थित “भाटिया प्लास्टिक” ले जा रहा था। माल मालिक द्वारा जुर्माना न जमा करने के कारण ई रिक्शा नगर निगम में खड़ा है।

पकड़े गए दोनों वाहनों से 1,465 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त हुई है और ई रिक्शा और लोडर द्वारा जुर्माना देना बाकी है।

इस अभियान में प्रवर्तन दल के सूबेदार अवधेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, वीरेंद्र स्वरूप, रामेंद्र सिंह, हवलदार इंद्रजीत, भूपेंद्र, राजेश, राज नारायण, जितेंद्र बहादुर, राम नरेश, धनंजय, जितेंद्र इत्यादि शामिल रहे।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Deepak EV Motors sale banner
nsingh