Advertisement

नवाबगंज थाना क्षेत्र के ऑफिसर्स कॉलोनी में रहने वाले जेई ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी

कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र के ऑफिसर्स कॉलोनी में रहने वाले जेई ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। जेई से पत्नी ने झगड़े के बाद उनके खिलाफ नवाबगंज थाने में तहरीर दी थी। नवाबगंज थाने की पुलिस घर पहुंची और जेई को धमकाने के साथ ही उनकी रिवाल्वर जमा करने को कहा। इससे सहमे जेई ने यह कदम उठाया। जेई ने पत्नी और ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
आपको बताते चलें कि, फर्रुखाबाद निवासी वीरेंद्र सिंह सिंचाई विभाग में जेई थे और मौजूदा समय में उनकी तैनाती उन्नाव में थी। नवाबगंज स्थित ऑफीसर्स कालोनी में पत्नी सपना और दो बच्चों के साथ रहते थे। पत्नी सपना बिल्हौर के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में टीचर हैं। दोनों के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। वहीं, पुलिस की माने तो, जेई ने पिता के श्राद्ध के चलते घर पर 15 लोगों को खाने पर बुलाया था, लेकिन पत्नी ने खाना नहीं बनाया और चुपचाप दोनों बच्चों को लेकर ड्यूटी पर स्कूल चली गई। अपना फोन भी स्विच ऑफ कर लिया। जब वह घर लौटकर आईं तो दंपति में झगड़ा हुआ। इसके बाद मंगलवार को सपना ने जेई के खिलाफ नवाबगंज थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि पति ने मारपीट करने के साथ ही अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अड़ाकर जान से भी मारने का प्रयास किया था। जेई वीरेंद्र सिंह ने नवाबगंज पुलिस के पहुंचते और धमकी मिलते ही दहशत में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उन्होंने खुद पुलिस को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। इसके बाद पुलिस उन्हें आनन-फानन में लेकर हैलट हॉस्पिटल पहुंची। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर जेई के परिजन भी रात को हैलट पहुंचे। जेई के परिजनों ने पत्नी पर आरोप लगाकर उसे मौत का जिम्मेदार बताते हुए हंगामा काटा। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
WhatsApp Image 2025-12-26 at 18.39.14
nsingh