कानपुर। थाना चकेरी के शिवकटरा से संदिग्ध परिस्थिति में शुक्रवार की रात युवक गायब हो गया था। परिजनों ने क्षेत्र के 6 नामजद व 14 अज्ञात के खिलाफ शनिवार की रात शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए उठाया। आरोपियों ने हत्याकर युवक की टुकड़े गंगा में फेंकने की बात कबूली। वहीं चकेरी पुलिस ने रविवार की दोपहर 1:30 बजे गंगा में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस के हाथ कुछ ना लगा और खाली हाथ लौटना पड़ा।
थाना चकेरी क्षेत्र हरिजन बस्ती शिव कटरा के रहने वाले प्राइवेटकर्मी राजेश कुमार का बेटा ऋषिकेश उर्फ रवि (22) शुक्रवार की रात 10 बजे गणेश पूजा में शामिल होने पहुंचा था। ऋषिकेश प्राइवेट कार चालक था। देर रात घर वापस ना लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की। शक के दायरे में परिजनों ने क्षेत्र के 6 नामजद और 14 अज्ञात के खिलाफ थाना चकेरी में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन शनिवार की देर रात कृष्णा नगर चौकी में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहें। जिसके बाद पुलिस ने जांच में तेजी दिखाते हुए आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया कि उन लोगो ने ऋषिकेश के शव के टुकड़े करके गंगा में बहा दिया। सूचना पर एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्कर्मा, और कैंट एसीपी आकांक्षा पांडेय ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और परिजनों को आश्वासन देकर घर भेजा। एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्कर्मा ने शव को बरामद करने के लिए पुलिस की 6 टीमों का गठन किया था।
30 मिनट का सर्च अभियान, ख़ाली हाथ लौटी पुलिस
जाजमऊ के गंगा किनारे पुलिस ने 2 नाव का सहारा लेते हुए उफान भरी गंगा में सर्च अभियान चलाया। खास बात तो यह कि 2 नाव में एक भी गोताखोर नहीं था। अगर ऐसे में कोई हादसा होता तो जिम्मेदार कौन होता।
मोहम्मद नईम की रिपोर्ट



















