Advertisement

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने दिया विशाल धरना

 

फील्ड गन फैक्ट्री कानपुर के प्रबंधन द्वारा निर्माणी के सेवानिवृत कर्मचारियों के प्रति संवेदनहीन व हठधर्मिता पूर्ण रवैए के खिलाफ प्रगतिशील पेंशनर्स कल्याण समिति कानपुर के तत्वाधान में सुबह 09 बजे से एक विशाल धरना कार्यक्रम का आयोजन फील्ड गन फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत कर्मचारियों ने भाग लिया। इस धरना कार्यक्रम का निर्माणी में कार्यरत सभी यूनियनों व एसोसिएशनो द्वारा पूर्ण समर्थन व्यक्त किया गया। इस अवसर पर यूनियन/एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि हम अपने सेवानिवृत कर्मचारियों के हर संघर्ष में उनके साथ हैं।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार सचान ने बताया कि 30 जून/31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को नोशनल इंक्रीमेंट का लाभ प्रदान करने के सम्बन्ध में माननीय न्यायालय CAT इलाहाबाद ने जनवरी 2022 में आदेश पारित किया था जिसके विरुद्ध निर्माणी ने माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में अपील की थी, जिसे माननीय न्यायालय ने जनवरी 2023 खारिज कर दिया था। रक्षा मंत्रालय व आयुध निदेशालय कोलकाता द्वारा माननीय न्यायालय को लागू कर पेंशनरी लाभ प्रदान करने संबंधी निर्देश नवम्बर/दिसम्बर 2023 में जारी कर देने तथा कार्मिक मंत्रालय, भारत सरकार के आदेश भी जारी होने के बावजूद फील्ड गन फैक्ट्री के प्रबंधन ने निर्माणी के सेवानिवृत कर्मचारियों को नोशनल इंक्रीमेंट का लाभ आज तक नहीं प्रदान किया, जबकि अन्य सभी निर्माणियों में इसका लाभ दिया जा चुका है। बार – बार अनुरोध के बावजूद कार्यवाही न करने के कारण समिति को धरना कार्यक्रम के लिए मजबूर होना पड़ा।
सभा को संबोधित करते हुए समिति के उपाध्यक्ष व जेसीएम तृतीय मेंबर छबिलाल यादव ने कहा कि यदि निर्माणी प्रशासन इस माह के अंत तक सेवानिवृत कर्मचारियों को नोशनल इंक्रीमेंट का लाभ प्रदान कर बढ़ी हुई पेंशन का भुगतान नहीं कराता तो यह समिति नवम्बर माह में बड़ा आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी निर्माणी प्रशासन की होगी।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक व जेसीएम तृतीय मेंबर विनोद कुमार तिवारी ने की तथा समिति के संयोजक व जेसीएम तृतीय सदस्य सुनील कुमार साहू ने धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भागीदारी के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
इसके अतिरिक्त इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल कृष्ण शर्मा, अशोक कुमार वर्मा, हसमत अली, मोबीन खान, रुपिंदर सिंह, उदय प्रताप सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत कर्मचारी साथी मौजूद रहे।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट..

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
Navratri special offer at Deepak EV
nsingh