कानपुर। जिले में संचारी रोगों से बचाव के लिए 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। गुरुवार को रामादेवी स्थित मान्यवर कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने और संचारी रोगों से बचाव की शपथ भी दिलाई।
डीएम ने कहा कि बीमारियों से बचने के लिए घर और आसपास सफाई रखें और कहीं भी पानी जमा न होने दें। अगर किसी को बुखार या बीमारी के कोई लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें और तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करेंगी। साथ ही साफ-सफाई, जलभराव रोकने और समय पर बीमारी की पहचान पर जोर दिया जाएगा।
अस्पताल की व्यवस्थाएं भी देखीं
अभियान की शुरुआत के बाद जिलाधिकारी ने मान्यवर कांशीराम अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्चा काउंटर, ओपीडी, मरीजों की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और जांच केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या और उनके इलाज की जानकारी भी ली।
डीएम ने अस्पताल में जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की जांच समय पर हो और रिपोर्ट मिलने के बाद इलाज शुरू करने में देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में अगर किसी तरह की कमी या संसाधनों की जरूरत है तो इसकी जानकारी तुरंत दी जाए, ताकि उसे समय रहते दूर किया जा सके। साथ ही मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उन्हें जांच, दवा व इलाज समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।


















