कानपुर। योनेक्स सनराइज स्वर्गीय सीताराम पांडेय स्मृति द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट सीनियर मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 का भव्य उद्घाटन गुरुवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर स्थित बहुउद्देशीय हॉल में हुआ। 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के लगभग 370 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन चेयरमैन मनोज पांडेय, अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल, रामावतार शुक्ला, विदिशा साबुन के डायरेक्टर कमल कटारिया, डॉ. मनीषा अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, जितेंद्र गौतम, संजीव पाठक अजेंद्र राय एवं चीफ रेफरी की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में कानपुर के खिलाड़ियों ने भी जीत के साथ शुरुआत करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्थानीय खिलाड़ियों ने कोर्ट पर बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और शानदार रैलियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में प्रदेश के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
इस अवसर पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव डी.पी. सिंह, महीप सक्सेना, सौरभ श्रीवास्तव, केशव द्विवेदी, आशीष कुमार गौड़, इरशाद अहमद सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पहले दिन खेले गए कई रोमांचक मुकाबले
देवेश तिवारी की रिपोर्ट


















