Advertisement

ऊर्जा वेलनेस ग्रुप ने GSVM मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग को वाशिंग मशीन और बेडिंग्स की भेंट

कानपुर। बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की नीवा डालमिया ने GSVM मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में सेवा कार्य किया। इस दौरान अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 11 किलोग्राम क्षमता की सेमी-ऑटोमैटिक वाशिंग मशीन भेंट की गई।

इसके साथ ही विभाग के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कुपोषित बच्चों के लिए सभी बेड पर नए गद्दे, चादरें और तकिए उपलब्ध कराए गए। इस पहल का उद्देश्य उपचाररत बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की टीम ने थैलेसीमिया यूनिट का भी दौरा किया। यहां उपचार करा रहे बच्चों को ताजे फल और ज्ञानवर्धक खिलौने वितरित किए गए। टीम ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।

नीवा डालमिया ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। ऊर्जा वेलनेस ग्रुप भविष्य में भी बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और कल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में डॉ. यशवंत राय, डॉ. एस.के. गौतम, डॉ. अरुण आर्य, डॉ. अमितेश यादव और डॉ. अनुकृति सहित बाल रोग विभाग के चिकित्सक मौजूद रहे। चिकित्सकों ने ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता, पोषण और बच्चों का मानसिक उत्साह बढ़ाने वाले प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील और मानवीय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

चिकित्सकों ने समाज से जरूरतमंद बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और उपचार में सहयोग के लिए सामाजिक संस्थाओं एवं सक्षम नागरिकों से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से अस्पताल में भर्ती बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh