Advertisement

ग्रीन पार्क में लगा रक्तदान शिविर, 33 लोगों ने किया रक्तदान

कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में गुरुवार को रेडक्रॉस सोसायटी और क्षेत्रीय क्रीड़ा विभाग की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 33 लोगों ने रक्तदान किया।

शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त जरूरत के समय किसी मरीज की जान बचाने में मददगार साबित हो सकता है।

डीएम ने लोगों से अपील की कि जो लोग स्वस्थ और सक्षम हैं, वे आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि हादसे, गंभीर बीमारी या इलाज के दौरान कई मरीजों को अचानक रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।

शिविर में 50 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था। डीएम ने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इससे एक दिन पहले आईआईटी कानपुर में भी करीब 250 यूनिट रक्तदान किया गया था।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी, स्वयंसेवक और क्षेत्रीय क्रीड़ा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

देवेश तिवारी की रिपोर्ट

WhatsApp Image 2023-11-24 at 3.32.09 PM
nsingh